मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से देशभर के किसानों के खातों में योजना की 24वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर मुजफ्फरनगर जनपद में भी पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव और कृषि निदेशक लखनऊ के निर्देशों के क्रम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन और किस्त जारी किए जाने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इसके लिए जनपद के कृषि विज्ञान केंद्र बघरा एवं चितौड़ा, सभी विकास खंड कार्यालयों, तहसीलों, ग्राम पंचायतों, मंडी समितियों, सहकारी समितियों तथा गन्ना समितियों में विशेष व्यवस्था की गई थी। शुक्रवार सुबह 10 बजे से शुरू हुए प्रसारण में बड़ी संख्या में किसानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम विकास भवन सभागार में आयोजित किया गया। इसमें जिला पंचायत अध्यक्ष एवं प्रशासक वीरपाल निर्वाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र बघरा की प्रतिनिधि सविता आर्य, लोकदल के जिलाध्यक्ष संजय कुमार राठी तथा उप कृषि निदेशक सहित अन्य अधिकारियों और किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गुजरात के बनासकांठा से प्रसारित प्रधानमंत्री के संबोधन को देखा और सुना। इस दौरान किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित केंद्र सरकार की विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य किसानों को योजनाओं से जोड़ना और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। जनपद के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में किसानों की बड़ी भागीदारी रही। 24वीं किस्त जारी होने के अवसर पर किसानों में उत्साह दिखाई दिया।















