शामली। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं पर फब्तियां कसने तथा अश्लील इशारे कर अभद्र व्यवहार करने के आरोप में महिला थाना पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ महिला थाना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में जिलेभर में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बृहस्पतिवार को महिला थाना पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने चेकिंग और गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में दो युवकों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर देशवाल निवासी गांव कसेरवा खुर्द, थाना आदर्श मंडी और जोनी निवासी गांव लपराना, थाना झिंझाना के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक महिलाओं पर फब्तियां कसने और अश्लील इशारे कर उन्हें परेशान कर रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार, फब्तियां कसने, अश्लील इशारे करने और उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी तरह के उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 1090 या 181 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।














