आगरा। करवाचौथ पर आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र में एक अनोखी तस्वीर सामने आई। यहां एक ही पति की दो पत्नियों ने अपने सुहाग की लंबी उम्र के लिए एक साथ करवाचौथ का व्रत रखा। दोनों ने मिलकर पूजा-अर्चना की और साथ में व्रत खोला। खास बात यह रही कि दोनों के बीच सौतन जैसा टकराव नहीं, बल्कि बहनों जैसा प्यार और अपनापन देखने को मिला।
नगला बिहारी निवासी रामबाबू निषाद की शादी वर्ष 2015 में फतेहाबाद के टोडा निवासी सियादेवी से हुई थी। दंपती की तीन बेटियां हैं। इसके बाद वर्ष 2023 में रामबाबू ने नुनिहाई निवासी आस्था से प्रेम विवाह कर लिया। शुरुआत में पहली पत्नी सियादेवी ने इस रिश्ते पर आपत्ति जताई, लेकिन आपसी बातचीत और समझदारी के बाद परिवार में हालात सामान्य हो गए।अब दोनों पत्नियां एक ही घर में साथ रहती हैं और घरेलू जिम्मेदारियां भी मिल-जुलकर निभाती हैं। करवाचौथ पर दोनों ने एक साथ पूजा की और पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा।
परिवार में आपसी तालमेल की एक और मिसाल तब देखने को मिली, जब 18 अक्टूबर को आस्था ने बेटे को जन्म दिया। इस दौरान सियादेवी ने अस्पताल से लेकर घर लौटने तक परिवार की जिम्मेदारी संभाली और बड़ी बहन की तरह आस्था का साथ दिया।कांच और प्लास्टिक की बोतलें बनाने के कारोबार के साथ संपत्ति के क्रय-विक्रय से जुड़े रामबाबू का कहना है कि रिश्तों को निभाने के लिए आपसी बातचीत, समझदारी और सम्मान जरूरी है। यही वजह है कि उनके परिवार में दोनों पत्नियां मिल-जुलकर रह रही हैं।















