दिनदहाड़े सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना,

खतौली। क्षेत्र के गांव पीपलहेड़ा में दिनदहाड़े चोरी की वारदात से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। खेत पर काम करने गए दंपती के पीछे चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर अलमारी और सेफ के लॉकर खंगाल डाले और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

गांव निवासी रामनिवास पुत्र शोरज सिंह जिला जज के आवास पर होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। रविवार को वह अपनी पत्नी के साथ मकान पर ताला लगाकर खेत पर काम करने गए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान में प्रवेश कर लिया। काफी देर बाद जब दंपती घर लौटे तो कमरे का टूटा ताला देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व सेफ के लॉकर खुले हुए थे।

पीड़ित के अनुसार चोर करीब चार तोले सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। इनमें झुमकी, गले की कंठी, ओम का लॉकेट, टीका, अंगूठी, नाक की बाली और कुंडल शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की दो जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछुए और करीब 20 से 25 हजार रुपये की नकदी भी गायब मिली।

घटना के बाद पीड़ित ने खतौली कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और चोरी का जल्द खुलासा कर सामान बरामद कराने की मांग की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरों की धरपकड़ की मांग की है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts