80 लाख की चोरी का खुलासा.

बाँदा। उत्तर प्रदेश शासन की अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बांदा पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में अतर्रा पुलिस ने दो अलग-अलग मकानों में हुई चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। वहीं एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। अभियुक्त के कब्जे से करीब 80 लाख रुपये कीमत के भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और 2 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। थाना अतर्रा क्षेत्र के कस्बा बजरंगनगर निवासी रोहित पुत्र लक्ष्मण ने 13 नवम्बर को थाना अतर्रा पर सूचना दी कि सुबह अज्ञात चोरों ने उनके घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए हैं। तहरीर के आधार पर थाना अतर्रा पर अभियोग पंजीकृत कर घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन अवलोकन किया। यक्ष ऐप सहित अन्य तकनीकी माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं और साक्ष्यों का मिलान किया गया। इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक लड़की हाथ में थैला लेकर घटनास्थल के आसपास से निकलती दिखाई दी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की, जो एक बाल अपचारी निकली। पुलिस टीम ने अभियुक्त सत्येन्द्र को गिरफ्तार किया और बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया। पूछताछ में बाल अपचारी ने बताया कि उसने अपने साथी सत्येन्द्र के साथ मिलकर उक्त चोरी को अंजाम दिया था।

पूछताछ में दोनों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने पूर्व में अपने पड़ोसी रूपम के घर में भी चोरी की घटना कारित की थी। एसपी पलाश बंसल ने कहा पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अतर्रा पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के दम पर 80 लाख रुपये की दो चोरियों का खुलासा किया है, यह सराहनीय है। जनपद में किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 01 बुलेट मोटरसाइकिल, 01 पल्सर मोटरसाइकिल, 01 आधार कार्ड, 01 वोटर कार्ड, 2200 रुपये नगद सहित भारी मात्रा में सोने की चैन, मंगलसूत्र, हार, चूड़ी, अंगूठी, कड़ा, माथ बेंदी, बेसर, नथुनी और चांदी की पायल, बिछिया, पैजेव, सिक्का आदि बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है तथा बाल अपचारी के संबंध में नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts