बांदा। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में बांदा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना तिंदवारी क्षेत्र के ग्राम छापर में 13 सितंबर को मिले अज्ञात युवक के शव के मामले का पुलिस ने 72 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। थाना तिंदवारी और एसओजी की संयुक्त टीम ने हत्यारे को जसईपुर मोड़ से धर दबोचा है, जबकि उसका दूसरा साथी अभी फरार है। ग्राम छापर में एक युवक का शव बरामद हुआ था। तहरीर के आधार पर थाना तिंदवारी में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। घटना के खुलासे के लिए एसपी पलाश बंसल ने अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण और सीओ सदर सौरभ सिंह के नेतृत्व में टीमें गठित की थीं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से भौतिक और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लग कैमरों की मदद और संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
आरोपी ने बताया कि रात वह अपने साथी पवन उर्फ बल्ला पुत्र रामप्रकाश निवासी माटा के साथ गांव के बाहर पुलिया पर बैठा था। तभी एक अज्ञात युवक वहां आया और पुलिया के पास पेशाब करने लगा।पूछने पर कि रात में यहां क्या कर रहे हो, उक्त व्यक्ति ने अभद्रता कर दी। गुस्से में आकर दोनों ने उसे मोटरसाइकिल पर बैठाया, गांव से बाहर ले गए और डंडे व अधजली लकड़ी से बुरी तरह पीटकर अधमरा कर दिया। बाद में अचेत अवस्था में उसे ग्राम छापर के तालाब के पास फेंककर फरार हो गए थे। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 2 डंडे, 1 अधजली लकड़ी, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, मृतक के जूते और आरोपी के खून लगे कपड़े बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त अंकित उर्फ अंकुल पुत्र रामसेवक, निवासी माटा, थाना तिंदवारी, बांदा का निवासी हैं। फरार अभियुक्त पवन उर्फ बल्ला पुत्र रामप्रकाश, निवासी माटा, थाना तिंदवारी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।















