मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत सभागार में सिटी मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों को पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी गई। इसके बाद जिलेभर से पहुंचे किसानों ने अपने ग्राम और परगना से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और लिखित प्रत्यावेदन भी दिए।
किसानों ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही, चीनी मिलों पर गन्ना भुगतान लंबित रहने, सहकारिता विभाग में अनियमितताओं, राशन डीलरों द्वारा पूरा राशन नहीं दिए जाने तथा नहरों, नालों और सड़कों की सफाई नहीं होने की शिकायतें उठाईं। सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटी की सहमति के बिना कार्रवाई किए जाने पर भी किसानों ने रोष जताया।
बैठक में जनपद की सभी चीनी मिलों में सॉयल टेस्टिंग लैब स्थापित कराने का सुझाव दिया गया। एक लाख रुपये तक की कृषि भूमि को बंधक न किए जाने, सॉयल टेस्टिंग मोबाइल वैन शुरू करने और एलडीएम कार्यालय से पांच किलोमीटर के दायरे में बैंक शाखाएं खोलने समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी।
सिटी मजिस्ट्रेट ने किसानों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। संबंधित अधिकारियों को निस्तारण आख्या जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अपलोड करने और उसकी हार्ड कॉपी उप कृषि निदेशक कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। आगामी किसान दिवस में अधिकारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने को भी कहा गया।















