बाँदा। अंधविश्वास की आड़ में इंसानियत को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। झाड़-फूंक कर बीमारी ठीक करने के नाम पर एक नाबालिग बच्ची के साथ गलत हरकत करने वाले ढोंगी तांत्रिक को बिसंडा पुलिस ने धर दबोचा है।पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के अपराधियों के खिलाफ चल रहे “ऑपरेशन क्लीन” के तहत इस घिनौने अपराधी को आज 25 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। मामला थाना बिसंडा क्षेत्र का है। पीड़ित मां ने पुलिस को आपबीती सुनाई तो पुलिस भी सन्न रह गई। महिला ने बताया कि उसकी नाबालिग बेटी की तबीयत खराब थी। इसी का फायदा उठाकर गांव का ही तांत्रिक परशुराम उसके घर आया और बोला बेटी पर ऊपरी हवा है, झाड़-फूंक से ठीक हो जाएगी। अंधविश्वास में फंसी मां उसकी बातों में आ गई।
आरोप है कि इसी झाड़-फूंक के बहाने तांत्रिक ने बच्ची को अकेले में ले जाकर उसके साथ घिनौनी और गलत हरकत की। जब बच्ची ने रोते हुए मां को सारी बात बताई तो मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। वो तुरंत बिसंडा थाने पहुंची और तांत्रिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी पलाश बंसल ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के आदेश दिए। पुलिस को पता चला कि मामला दर्ज होने के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया है और पवई बस स्टैंड से कहीं भागने की तैयारी में है। बिसंडा पुलिस ने घेराबंदी कर ढोंगी को वहीं से दबोच लिया।गिरफ्तार अभियुक्त परशुराम पुत्र मथुरिया निवासी इटरा मिलौली, थाना बिसंडा, जनपद बांदा का निवासी हैं।आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसपी पलाश बंसल ने कहा कि अंधविश्वास के नाम पर बच्चों और महिलाओं के साथ अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अभिभावकों से अपील है कि ऐसे ढोंगी बाबाओं, तांत्रिकों से सावधान रहें और बीमारी के लिए डॉक्टर से संपर्क करें।















