मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज के बेसिक साइंस संकाय की ओर से तरंग रिदम ऑफ न्यू बिगिनिंग्स’ शीर्षक से फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने एकल नृत्य, युगल नृत्य, समूह नृत्य, हास्य-व्यंग्य और शायरी सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के संस्थापक चेयरमैन डॉ. एससी कुलश्रेष्ठ, श्रीराम कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल और डीन एकेडमिक्स डॉ. विनीत कुमार शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बेसिक साइंस संकाय की डीन डॉ. पूजा तोमर ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत विशाखा, प्राची और आयुषी ने गणेश वंदना से की। इसके बाद विद्यार्थियों ने बॉलीवुड, पंजाबी और हरियाणवी गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि डॉ. एससी कुलश्रेष्ठ ने प्रतिभागियों को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बेसिक साइंस विभाग के विद्यार्थियों में शिक्षा और व्यावसायिक ज्ञान के साथ-साथ अनेक प्रतिभाएं भी मौजूद हैं। उन्होंने विभाग की दसवीं वर्षगांठ पर सभी सदस्यों को बधाई दी।
कार्यक्रम में एकल नृत्य प्रतियोगिता में दीक्षा ओम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि युगल नृत्य में लक्ष्मी और कशिश की जोड़ी विजेता रही। समूह नृत्य प्रतियोगिता में अदनान, प्रियांशु, शीतांशु, वंश, जुनैद, सुहैल और मुक्कर्रम अली के समूह ने बाजी मारी। स्नातक स्तर पर प्रियांशु को मिस्टर फ्रेशर और साक्षी तिवारी को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं, स्नातकोत्तर स्तर पर प्राची ने मिस फ्रेशर का खिताब हासिल किया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में बेसिक साइंस संकाय की सहायक प्रोफेसर महक नाज शामिल रहीं।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रोफेसर मीनल मान के नेतृत्व में अंजला राठी, शिविका गर्ग, रिहान और इस्मा अंसारी ने किया। अंत में डॉ. पूजा तोमर ने अतिथियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. मनोज मित्तल, डॉ. ऋषभ भारद्वाज, डॉ. राहुल आर्य, डॉ. गरिमा, विवेक, सचिन कुमार, रमा मेडीयान, सचिन शर्मा, राहुल कुमार, आशीष तिवारी और हर्ष सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।















