बाँदा बबेरू ब्लॉक के ग्राम कोरी खुर्द में 20 साल से खंडहर बना प्राथमिक विद्यालय का पुराना भवन अब जानलेवा बनता जा रहा है। आए दिन दीवारों से ईंट-पत्थर गिर रहे हैं, कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं। इसी को लेकर समाजसेवी पी सी पटेल ने ग्रामीणों के साथ एसडीएम बबेरू को प्रार्थना पत्र देकर जर्जर भवन को तत्काल ध्वस्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में करीब 20 वर्ष पहले शिक्षा विभाग ने नया स्कूल भवन बनवा दिया था, तभी से पढ़ाई नए भवन में हो रही है।
लेकिन पुराना भवन आज तक नहीं गिराया गया। वह पूरी तरह जर्जर हो चुका है।सबसे बड़ी चिंता यह है कि उसी जर्जर भवन के बगल में शिव मंदिर है, जहां सुबह-शाम सैकड़ों ग्रामीणों और बच्चों का आना-जाना लगा रहता है। जर्जर छत और दीवारों से कभी भी मलबा गिर सकता है। प्रार्थना पत्र में ग्रामीणों ने कहा है कि कई बार शिकायत के बावजूद विभाग ने सुध नहीं ली। अगर समय रहते भवन को नहीं गिराया गया तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की है कि जनहित में जर्जर भवन को तत्काल ध्वस्त कराने के आदेश जारी किए जाएं।















