बांदा। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कालिंजर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी करने वाले गिरोह के वांछित गैंगस्टर को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पकड़ा गया आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर आंध्र प्रदेश से गांजा लाकर बांदा और आसपास के जिलों में सप्लाई करता था और मोटा मुनाफा कमाता था। इसको लेकर थाना गिरवां में इसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था और तब से यह फरार चल रहा था।
थानाध्यक्ष कालिंजर दारा सिंह को सूचना मिली कि गैंगस्टर का वांछित आरोपी नाला मोड़ के पास देखा गया है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्त मुनेश उर्फ मनीश पुत्र निर्भय, निवासी बरुआ पुरा, थाना रक्सा, जनपद झांसी का निवासी हैं। गिरफ्तारी के संबंध में पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने बताया कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आंध्र प्रदेश से गांजा लाकर बांदा में सप्लाई करने वाले गिरोह को पूर्व में ही चिन्हित कर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी। गिरफ्तार अभियुक्त मुनेश उर्फ मनीश इसी गैंग का सक्रिय सदस्य है और लंबे समय से फरार चल रहा था। जनपद में नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, सभी के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।















