कैसा होगा संसद का 4 दिन का सत्र, किस नियम के तहत बुलाया गया सेशन?

संसद का मानसून सत्र खत्म होने के करीब 100 दिनों बाद एक बार फिर लोकसभा और राज्यसभा की बैठक होने जा रही है. सरकार ने चार दिवसीय संसद का विशेष सत्र बुलाया है, यह मानसून सत्र का ही विस्तार होगा. लेकिन इस बार संसद की कार्यवाही सामान्य सत्र से अलग होगी. दोनों सदनों में इस दौरान न तो प्रश्नकाल होगा, न शून्यकाल और न ही गैर-सरकारी सदस्यों का कामकाज.संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को एक्स पर इसकी जानकारी दी थी. उन्होंने बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है. लोकसभा को 30 नवंबर और राज्यसभा को 2 दिसंबर से फिर से बुलाया गया है. काम की जरूरतों को देखते हुए, दोनों सदनों की मीटिंग 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है.

कैसा होगा संसद का 4 दिन का सत्र?

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की ओर से प्रस्ताव रखे जाने के कुछ घंटे बाद लोकसभा और राज्यसभा की बैठक फिर से बुला ली गई. संसद की आगामी बैठकें 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित हैं. हालांकि, दोनों सदनों की बैठकें एक ही दिन से शुरू नहीं होंगी. लोकसभा 30 नवंबर से सुबह 11 बजे से बैठक करेगी, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से उसी समय शुरू होगी.लोकसभा सचिवालय की अधिसूचना के मुताबिक, इन बैठकों के दौरान प्रश्नकाल, शून्यकाल और गैर-सरकारी सदस्यों का कामकाज नहीं होगा. यानी सांसदों को सामान्य सत्र की तरह प्रश्नकाल के दौरान मंत्रियों से सवाल पूछने और शून्यकाल में अलग-अलग मुद्दे उठाने का अवसर नहीं मिलेगा. इस दौरान केवल जरूरी सरकारी कामकाज होगा. राज्यसभा के सदस्यों को भी इसी तरह का संदेश भेजा गया है.

किस नियम के तहत दोबारा बुलाई गई संसद?

इस बैठक की सबसे खास बात यह है कि यह मानसून सत्र का ही विस्तार होगा. इसे शीतकालिन सत्र नहीं माना जाएगा. दरअसल, इससे पहले संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चित काल के लिए स्थगित (Adjourned Sine Die) कर दिया गया था. लेकिन 100 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी राष्ट्रपति की ओर से इसका सत्रावसान यानी ‘Prorogation’ नहीं किया गया था.अधिसूचना में बताया गया किलोकसभा की प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमावली के नियम 15 के तहत अध्यक्ष को यह अधिकार है कि वह अनिश्चितकाल के लिए स्थगित सदन की बैठक दोबारा बुला सकते हैं. इसी प्रावधान के तहत लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा सभापति ने बैठक बुलाई है. वहीं, 3 दिसंबर को कार्रवाही समाप्त होने पर इसका सत्रावसान किया जाएगा.

सरकार ने आज कैबिनेट की बैठक बुलाई है

माना जा रहा है कि सरकार इस दौरान संसद में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पेश कर सकती है. इसी साल अप्रैल में भी विधेयक को लेकर विशेष सत्र का आयोजन किया गया था. लेकिन दो-तिहाई बहुमत की कमी के कारण डीलिमिटेशन बिल पास नहीं हो सका था. सरकार, एक बार फिर से लोकसभा और राज्यसभा की बैठक में इसे पेश कर सकती है.विशेष सत्र को देखते हुए केंद्रीय कैबिनेट की आज यानी शुक्रवार को बैठक भी बुलाई है. यह बैठक 1 बजे होगी. माना जा रहा है कि कैबिनेट परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक में बदलाव को मंजूरी देगी.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts