मुजफ्फरनगर। जनपद न्यायाधीश राजीव कमल पांडे ने संस्था का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्था में निरुद्ध किशोरों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और संस्था में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही किशोरों को दी जा रही सुविधाओं और उनकी देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अपर जिला जज ज्योत्सना शिवांच, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डॉ. सत्येंद्र चौधरी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कविता अग्रवाल, सिविल जज सीनियर डिवीजन सोनम गुप्ता, नगर क्षेत्राधिकारी सुभाष चंद्र तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संस्था में रह रहे किशोरों से बातचीत कर उनकी दिनचर्या, शिक्षा, खानपान, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। किशोरों की ओर से बताई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
जनपद न्यायाधीश ने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने संस्था में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा किशोरों को नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा किशोरों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के समय संस्था प्रभारी मोहित कुमार, बेसिक शिक्षा विभाग से नामित सहायक अध्यापक राकेश कुमार, शारिक हुसैन सहित संस्था का समस्त स्टाफ एवं सुरक्षा बल उपस्थित रहा। अधिकारियों ने संस्था की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।















