केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू के क्रिकेटर मोहम्मद सिराज को लेकर दिए गए बयान पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने केंद्र सरकार पर मेरिट के आधार पर फैसले नहीं लेने और मुसलमानों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया. राशिद अल्वी ने कहा कि खेल के मामले में कम से कम धर्म और सांप्रदायिकता को आधार नहीं बनाया जाना चाहिए, क्योंकि इससे देश की इज्जत जुड़ी हुई है.राशिद अल्वी ने कहा, “मैं रिजिजू जी से कहूंगा कि इस देश में जब से आप लोग सरकार में आए हैं, तब से मेरिट के आधार पर कोई काम नहीं हो रहा है. न्यायपालिका के अंदर RSS के लोगों को आप घुसा रहे हैं. मुसलमानों के साथ पूरी तरह भेदभाव किया जा रहा है.”उन्होंने आगे कहा, “कम से कम खेल के अंदर इस तरह की भावना नहीं होनी चाहिए, क्योंकि खेल का मामला भारत की इज्जत से जुड़ा हुआ है. कितने ही मुसलमान हैं, जो बेगुनाह हैं, लेकिन उन्हें आप लोगों ने जेलों में डाल रखा है.”
खेल में प्रदर्शन को ही आधार बनाने की अपील
कांग्रेस नेता ने कहा, “क्रिकेट के अंदर भी ऐसे कई खिलाड़ी हैं, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है. लेकिन मेरी उनसे अपील है कि कम से कम खेल में मेरिट को आधार बनाइए और अपनी बुनियादी नीति यानी सांप्रदायिकता के आधार पर फैसले मत कीजिए, क्योंकि इससे भारत की इज्जत जुड़ी हुई है.”
राजनीति में भी धर्म नहीं आने देना चाहिए- राशिद अल्वी
राशिद अल्वी ने आगे कहा, “मेरा मानना है कि खेल के अंदर धर्म नहीं आना चाहिए. मेरा तो यह भी मानना है कि राजनीति में भी धर्म नहीं आना चाहिए, लेकिन भारतीय जनता पार्टी लगातार धर्म को राजनीति में लेकर आती है.उन्होंने आगे कहा, “देश में कोई भी राजनीतिक दल ऐसा नहीं है, चाहे वह क्षेत्रीय दल ही क्यों न हो, जो धर्म का इस्तेमाल करता हो. भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस को छोड़कर कोई भी ऐसा नहीं है.















