दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सीट बंटवारे की घोषणा कर दी गई है। कांग्रेस महासचिव और सांसद मुकुल वासनिक ने कहा कि दिल्ली लोकसभा में सात सीटें हैं।
इनमें से आम आदमी पार्टी चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इनमें नई दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली शामिल हैं।
कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इनमें चांदनी चौक, उत्तर पूर्व और उत्तर पश्चिम पर चुनाव लड़ेगी। इसके साथ कांग्रेस और आप के बीच गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़ और गोवा में सीट बंटवारे की घोषणा हुई।
हालांकि पंजाब और चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं हुआ है। दोनों पार्टियों अलग-अलग चुनाव मैदान में उतरेंगी। चंडीगढ़ सीट कांग्रेस के खाते में आई है। हरियाणा में नौ सीट पर कांग्रेस और एक सीट पर आप लड़ेगी।
ऐसे हुआ सीटों का बंटवारा
दिल्ली (सात सीट): कांग्रेस- 3 और आप 4 पर चुनाव लड़ेगी।
गुजरात (26 सीट): कांग्रेस 24 और आप 2 (भरूच और भावनगर में) पर चुनाव लड़ेगी।
हरियाणा (10 सीटें): कांग्रेस 9 और आप 1 (कुरुक्षेत्र) पर चुनाव लड़ेगी।
चंडीगढ़ में कांग्रेस अकेली सीट पर चुनाव लड़ेगी।
गोवा में कांग्रेस दोनों सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
कांग्रेस महासचिव ने दी जानकारी
कांग्रेस महासचिव और सांसद मुकुल वासनिक ने कहा कि हरियाणा में 10 लोकसभा सीटें हैं. कांग्रेस 9 पर चुनाव लड़ेगी। एक सीट-कुरुक्षेत्र पर आप के उम्मीदवार होंगे। आगे कहा कि चंडीगढ़ पर लंबी चर्चा के बाद अंत में यह निर्णय लिया गया कि कांग्रेस का उम्मीदवार वहां से चुनाव लड़ेगा।
ऐसे हुआ दिल्ली की सीटों का बंटवारा
कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने कहा कि दिल्ली लोकसभा में सात सीटें हैं। आप 4 पर चुनाव लड़ेगी। जिसमें नई दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली शामिल है। कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसमें चांदनी चौक, उत्तर पूर्व और उत्तर पश्चिम पर चुनाव लड़ेगी।
आप-कांग्रेस के समझौते से भाजपा बौखलाई : पाठक
इससे पहले, आप ने एक बार फिर शुक्रवार को भाजपा पर हमला बोला है। आरोप है कि आप नेताओं को कांग्रेस से गठबंधन तोड़ने की धमकियां मिल रही हैं। ऐसा न करने की सूरत में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की धमकी मिल रही है। आप का कहना है कि कांग्रेस से समझौता होकर रहेगा, बेशक केजरीवाल की गिरफ्तारी हो जाए। साथ ही चुनौती दी है कि जिस दिन केजरीवाल गिरफ्तार होंगे, पूरे देश में आप के हक में सुनामी चलेगी और भाजपा का पूरा राजनीतिक गुना-गणित बिगड़ जाएगा।
अरविंदर सिंह लवली बोले- आलाकमान के आदेश का पालन होगा
दिल्ली में कांग्रेस और आप के बीच हुए सीट बंटवारे को लेकर दिल्ली कांग्रेस प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि इस बार कांग्रेस और आप लोकसभा चुनाव 2024 एक साथ लड़ेंगे। कांग्रेस उत्तर पूर्व, चांदनी चौक और उत्तर पश्चिम सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं दूसरी तर आप नई दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, दक्षिण दिल्ली और पूर्व दिल्ली से चुनाव लड़ेंगे। इंडिया गठबंधन के एक हिस्से के रूप में हमने पहले भी कहा था कि हम आलाकमान के आदेश का पालन करेंगे। आने वाले समय में हमें सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।
आप-कांग्रेस गठबंधन पर मनोज तिवारी का तंज
दिल्ली में आप और कांग्रेस के बीच हुए गठबंधन को लेकर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि आपने सुना होगा चोर चोर मौसेरे भाई। यह आप और कांग्रेस के बीच हो रहा है। आप के कार्यकर्ता निराश हैं क्योंकि अरविंद केजरीवाल कांग्रेस के नेताओं को जेल में डालने की बात कहा करते थे। लेकिन आज वह उनके कदमों में हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता भी इससे निराश हुए हैं।















