बांदा। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्योड़ी बाबा गांव के पास केन नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस इसे हादसा बता रही है।जानकारी के अनुसार गांव निवासी मिथलेश 32 वर्ष पुत्र मेवालाल अपनी नानी के साथ नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बह गया।मृतक के चचेरे भाई संजय ने आरोप लगाया कि नदी किनारे रहने वाले एक व्यक्ति से मिथलेश का शराब के लिए विवाद हो गया था।
आरोप है कि उस व्यक्ति ने लाठी से पीटकर मिथलेश को पानी में धक्का दिया और डुबो दिया। संजय ने बताया कि मिथलेश मजदूरी करता था और शराब का आदी था। वर्ष 2016 में उसकी पत्नी का देहांत हो चुका है। उसके एक बेटा और एक बेटी हैं।कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला डूबने का प्रतीत हो रहा है। युवक नशे की हालत में था। गहरे पानी में जाने से डूब गया। लाठी से पीटने की बात सही नहीं है। शव का पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट होगा। मामले में आगे की जांच की जा रही है।























































