रक्तदान में समर्पित युवा समिति की राष्ट्रीय पहचान, हैदराबाद में मिला सम्मान

मुजफ्फरनगर। रक्तदान के क्षेत्र में जिले की अग्रणी संस्था समर्पित युवा समिति ने एक बार फिर अपने सेवा कार्यों से मुजफ्फरनगर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। समिति को रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय और निरंतर योगदान के लिए हैदराबाद में थैलीसीमिया एंड सिकल सेल सोसाइटी द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान कारगिल योद्धा नायक दीपचंद के हाथों समिति की ओर से शक्ति चौहान ने ग्रहण किया। सम्मान प्राप्त करते हुए शक्ति चौहान ने इसे समर्पित युवा समिति से जुड़े सभी रक्त वीरों एवं रक्त वीरांगनाओं को समर्पित किया और कहा कि यह उपलब्धि पूरे संगठन की सामूहिक मेहनत और सेवा भावना का परिणाम है।

समारोह के दौरान संस्था द्वारा थैलीसीमिया, सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए किए जा रहे रक्तदान अभियानों की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि नियमित और सुरक्षित रक्तदान समाज के लिए जीवन रक्षक सिद्ध होता है और समर्पित युवा समिति इस दिशा में एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है।इसके अतिरिक्त जिला अस्पताल प्रशासन द्वारा भी समर्पित युवा समिति एवं समर्पित महिला शक्ति को रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान समिति की ओर से अमित पटपटिया, हितेश आनंद मणि पटपटिया और राखी ग्रोवर ने ग्रहण किया। जिला अस्पताल प्रशासन ने कहा कि समिति द्वारा समय-समय पर आयोजित रक्तदान शिविरों से न केवल मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध होता है, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।

उल्लेखनीय है कि समर्पित युवा समिति इससे पूर्व भी एम्स ऋषिकेश सहित पंजाब, राजस्थान, हरियाणा समेत देश के कई राज्यों में अपने सेवा कार्यों के लिए सम्मानित हो चुकी है। समिति द्वारा आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदों को तत्काल रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था, युवाओं और महिलाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करना तथा निरंतर संपर्क अभियान चलाना इसकी प्रमुख विशेषताएं हैं।समिति के संस्थापक सदस्य संजीव अरोड़ा ने इस उपलब्धि पर सभी सदस्यों, रक्तदाताओं और सहयोगियों को साधुवाद देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान संगठन से जुड़े प्रत्येक स्वयंसेवक की निस्वार्थ सेवा और समर्पण का प्रतीक है।

वहीं समर्पित युवा अमित पटपटिया ने कहा कि समिति रक्त सेवा को ईश्वर की आराधना मानकर पूरी निष्ठा और निस्वार्थ भाव से कार्य करती है। ऐसे सम्मान सेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत करते हैं। यह पुरस्कार समिति से जुड़े सभी रक्त वीरों एवं रक्त वीरांगनाओं की निरंतर और निस्वार्थ सेवा का ही परिणाम है। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी समिति रक्तदान के क्षेत्र में और अधिक सक्रियता के साथ कार्य करती रहेगी, ताकि किसी भी जरूरतमंद को रक्त के अभाव में कठिनाई न उठानी पड़े।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts