होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में सकारात्मक अभिभावकता पर कार्यशाला आयोजित

मुजफ्फरनगर के होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जडौदा में एक पोजिटिव पेरेंटिंग वर्कशॉप का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ मुख्य वक्ता संजय आहूजा, पूजा आहूजा, रीटा दहिया, आदित्य दहिया, प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया तथा उपस्थित अभिभावकों द्वारा किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को सकारात्मक सोच और व्यवहार के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में प्रेरित करना था।

लाइफ कोच और मोटिवेशनल वक्ता संजय आहूजा ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों को सुधारने से पहले खुद के व्यवहार और घर के माहौल को सुधारना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चे वही व्यवहार अपनाते हैं जो वे अपने अभिभावकों में देखते हैं। इसलिए घर का वातावरण सकारात्मक, सहयोगात्मक और प्रेमपूर्ण होना चाहिए। संजय आहूजा ने कहा कि बच्चे की गलतियों की बजाय उसकी अच्छाइयों पर ध्यान दें, और यदि हम अपनी भाषा और व्यवहार को सुधारें, तो बच्चों में आत्मविश्वास स्वाभाविक रूप से बढ़ेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि माता-पिता एक दैनिक टाइम टेबल बनाकर बच्चे के साथ उसका पालन करें, ताकि दिनचर्या व्यवस्थित हो सके।

प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई और मानसिक विकास में उनकी नियमित उपस्थिति और अभिभावकों की सतत भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यदि अभिभावक समय-समय पर विद्यालय से संपर्क बनाए रखें, तो विद्यार्थी की शैक्षणिक प्रगति और व्यवहार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि अभिभावक यह सुनिश्चित करें कि बच्चा घर पर प्रतिदिन पढ़ाई करे और अपना गृहकार्य समय से पूरा करे।

कार्यक्रम में पूजा आहूजा ने भी अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि माता-पिता बच्चों को समय दें और उनके साथ संवाद बनाए रखें, तो बच्चों के व्यवहार में निश्चित रूप से सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मोबाइल फोन का अत्यधिक प्रयोग बच्चों के मानसिक विकास में बाधा बन सकता है, इसलिए अभिभावकों को स्वयं अनुशासन में रहकर बच्चों के साथ अधिक समय बिताना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने सभी उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मान प्रतीक भेंट किए और कार्यशाला का समापन किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts