संसद का शीतकालीन सत्र 25 नवंबर से शुरू हो रहा है, जो 20 दिसंबर तक चलेगा। इस सत्र के दौरान प्रमुख मुद्दों में मणिपुर हिंसा, वक्फ अधिनियम संशोधन और अडानी समूह के खिलाफ आरोपों पर चर्चा हो सकती है। विपक्षी दल इस सत्र के दौरान इन मुद्दों को उठाने की योजना बना रहे हैं।
सत्र के पहले दिन इंडिया ब्लॉक की पार्टियों की बैठक होगी, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अगुवाई में संसद की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। वहीं, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बैठक कर सभी पार्टियों से संसद के सुचारू संचालन की अपील की है।सत्र के दौरान वक्फ अधिनियम सहित 16 विधेयकों को पेश किया जाएगा, जिनमें वक्फ (संशोधन) विधेयक भी शामिल है। इसके अलावा, विपक्षी दलों ने संयुक्त संसदीय समिति से वक्फ बिल पर अपनी रिपोर्ट पेश करने के लिए और समय मांगा है।महाराष्ट्र में बीजेपी की सरकार की वापसी और झारखंड में इंडिया गठबंधन की जीत के राजनीतिक संदर्भ में यह सत्र महत्वपूर्ण माना जा रहा है।















