अरविंद केजरीवाल जैसा अंदाज… क्या सुनीता केजरीवाल करेंगी चमत्कार ?

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में लगातार बनी हुई हैं. सुनीता केजरीवाल को लेकर मीडिया में तरह-तरह की चर्चाएं सुनने को मिल रही हैं.बता दें कि पिछले दिनों केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी द्वारा दिल्ली आबकारी नीति मामले में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद सुनीता केजरीवाल अपने पति के लिए मुखर आवाज बन कर उभरी हैं. अरविंद केजरीवाल की तरह सुनीता केजरीवाल भी एक आईआरएस अधिकारी रह चुकी हैं. सुनीता केजरीवाल के पास भी 20 साल से ज्यादा का प्रशासनिक कार्यों का अनुभव है. ऐसे में पति अरविंद केजरीवाल के शराब घोटाले में जेल जाने के बाद वह पार्टी और दिल्ली दोनों का चेहरा बन जाएं इसमें कोई आश्चर्च की बात नहीं होनी चाहिए. हालांकि, अभी तक न तो पार्टी और न ही सुनीता केजरीवाल ने इसको लेकर कुछ कहा है.जानकारों की मानें तो हाल के दिनों में कुछ ऐसी घटनाएं घटी हैं जो इशारा कर रही हैं कि अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल को बड़ी जिम्मेदारी मिलने वाली है. बीते रविवार को ही दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के बगल में सुनीता केजरीवाल को सीट दिया गया. इसको लेकर भी सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं.

सुनीता केजरीवाल को लेकर अटकलों का बाजार गर्म

आपको बता दें कि सुनीता केजरीवाल अपने नौकरी से कई सालों तक छुट्टी पर रहीं और फिर बाद में साल 2016 में आईआरअस से वीआरएस ले लिया. इंडिया अगेंस्ट करप्शन के वक्त और फिर बाद में भी पति की राजनीति में आने के बाद सुनीता घर संभालने की जिम्मेदारी निभा रही थीं. सुनीता दोनों बच्चों के साथ-साथ अरविंद केजरीवाल के बुजुर्ग माता-पिता का ख्याल भी रख रही थीं. लेकिन, अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद अब राजनीतिक परिस्थिति एक फिर से बदली है और ऐसे में माना जा रहा है बदले हुए राजनीतिक परिस्थिति में सुनीता केजरीवाल कोई बड़ा चमत्कार कर सकती हैं.

आप सूत्रों की मानें तो लोकसभा चुनाव का पूरा कैंपेन सुनीता केजरीवाल के इर्द-गिर्द ही घूमेगा. आम आदमी पार्टी पंजाब और दिल्ली में भगवंत मान के साथ सुनीता केजरीवाल को भी स्टार प्रचारक बनाने जा रही है. पार्टी नेताओं का मानना है कि सुनीता केजरीवाल की गहरी राजनीतिक समझ है और वह लगातार पार्टी गतिविधियों में पहले भी अरविंद केजरीवाल को राय देती रही हैं और अब चुनावी कैंपेन की कमान भी संभालेंगी.

सुनीता केजरीवाल करेंगी चमत्कार?

आप सूत्रों की मानें तो अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद सुनीता केजरीवाल पॉलिटिक्स में भी एक्टिव हो गई हैं. दिल्ली में आशीर्वाद यात्रा इसी कड़ी का एक हिस्सा है. पार्टी के एक वरिष्ठ नेता, जो विधायक भी हैं ने साफ कर दिया है कि अगर लोकसभा चुनाव खत्म होने तक अरविंद केजरीवाल जेल से बाहर नहीं आते हैं तो सुनीता केजरीवाल को ही दिल्ली का सीएम बनाया जाएगा. लेकिन, उससे पहले पार्टी सुनीता केजरीवाल को जनता के बीच ले जाना चाहती है. इसी को ध्यान में रखते हुए आम आदमी पार्टी सुनीता केजरीवाल को स्टार प्रचारक बनाने जा रही है.

गौरतलब है कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी की हिरासत अवधि 1 अप्रैल को समाप्त होने के बाद 15 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ पहुंच चुके हैं. सोमवार को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनीता केजरीवाल और अरविंद केजरीवाल के बीच कुछ देर तक बातें भी हुई हैं. सूत्रों की मानें तो सुनीता केजरीवाल ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली की सफलता को लेकर अरविंद केजरीवाल से चर्चा की है. आपको बता दें कि सुनीता केजरीवाल कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से काफी देर तक बातें करते दिखी थीं. रैली में सुनीता केजरीवाल ने अपने पति का संदेश भी पढ़कर सुनाया था.

आईआरएस अधिकारी से बन गईं थीं हाउस वाइफ

1994 बैच की आईआरएस अधिकारी रह चुकी सुनीता केजरीवाल ने आईटी डिपार्टमेंट में 22 सालों तक अपनी सेवाएं दी हैं. साल 2006 में अरविंद केजरीवाल ने आईआरएस से इस्तीफा दिया था. इसके बाद वे पॉलिटिक्स में एक्टिव हो गए. इसके 10 साल बाद यानी साल 2016 में सुनीता केजरीवाल ने भी वीआरएस ले लिया. इस तरह जहां वे पहले थोड़े समय के लिए पति के साथ पॉलिटिक्स में एक्टिव रहती थीं, वहीं नौकरी छोड़ने के बाद वे पूरी तरह पति के सपोर्ट में आ गईं थीं

अरविंद केजरीवाल अब जेल में हैं और आम आदमी पार्टी के पास कोई बड़ा चेहरा नहीं है. ऐसे में माना जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल की जगह सुनीता केजरीवाल पार्टी की गतिविधियों में भाग लेंगी. आम आदमी पार्टी के सूत्रों की मानें तो लोकसभा चुनाव तक सुनीता केजरीवाल को मुख्यमंत्री नहीं बनाया जाएगा, लेकिन लोकसभा के रिजल्ट आने के बाद सुनीता केजरीवाल को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. इस दौरान कोर्ट में अरविंद केजरीवाल की गरिफ्तारी को लेकर स्थिति भी साफ हो जाएगा कि केजरीवाल बाहर आएंगे या उनको अंदर ही रहना होगा.

सुनीता केजरीवाल के साथ-साथ दिल्ली के सभी कैबिनेट मंत्रियों और लगभग आधा दर्जन विधायकों और इतने ही नेताओं को पार्टी स्टार प्रचारक बनाने जा रही है. इसी तरह पंजाब के सीएम भगवंत मान और उनके कैबिनेट के सभी मंत्रियों और लगभग एक दर्जन विधायकों को पार्टी पंजाब में स्टार प्रचारक बनाएगी. इसके साथ ही दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल सहित पार्टी के कुछ राज्यसभा सांसदों और नेताओं को भी स्टार प्रचारक बनाने की चर्चा है.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts