राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सलाहकार और टेस्ला के सीईओ एलन के मुताबिक, अमेरिका विदेशी मदद रोकने के कगार पर है. मस्क ने कहा कि अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय विकास एजेंसी (USAID) बंद होने जा रही है. US कांग्रेस की सदस्य इल्हान उमर ने इस कदम का पुरजोर विरोध करते हुए ट्रंप को ‘तानाशाह’ करार दिया. भारत विरोधी रुख के लिए कुख्यात उमर ने कहा कि ट्रंप ने तानाशाही की शुरुआत कर दी है. उनके बयान पर मस्क ने बड़ी तीखी प्रतिक्रिया दी. मस्क ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर कहा कि उमर ‘बहुत बड़ी धोखेबाज हैं और अमेरिका से नफरत करती हैं.’
ट्रंप के फैसले से इल्हान उमर परेशान
इल्हान उमर इस बात से बहुत परेशान हैं कि कैसे ट्रंप USAID को खत्म कर रहे हैं. उमर का दावा है कि यह कदम उन्हें ‘तानाशाह’ बनाता है. उमर ने कहा, “यह वास्तव में अमेरिका के लिए बहुत दुखद दिन है… हमने पहले दिन से ही ट्रंप के तानाशाह बनने की इच्छा के बारे में बात की थी, और अब हम यहां हैं. तानाशाही की शुरुआत कुछ ऐसी ही होती है.मस्क ने सोमवार को कहा था कि उन्होंने राष्ट्रपति के साथ USAID के बारे में विस्तार से बात की है. मस्क ने कहा, ‘उन्होंने (ट्रंप) सहमति जताई कि हमें इसे बंद कर देना चाहिए.’ मस्क ने यह भी कहा कि यह स्पष्ट हो गया कि इस एजेंसी की कार्यप्रणाली को ठीक नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा, ‘‘इससे छुटकारा पाना होगा. हम इसे बंद कर रहे हैं.’’मस्क ने रविवार को ‘एक्स’ कहा, ‘‘USAID एक आपराधिक संगठन है. इसे खत्म करने का समय आ गया है.’’ इसके बाद उन्होंने एजेंसी के बारे में ‘एक्स’ पर कई पोस्ट किए. मस्क ने ट्रंप प्रशासन के साथ मिलकर ‘DOGE’ का गठन किया था, जिसका घोषित लक्ष्य संघीय कर्मचारियों की छंटनी करना, कार्यक्रमों में कटौती करना और संघीय नियमों में बदलाव करना है.
She’s a major grifter and hates America https://t.co/fA2YsvGca5
— Elon Musk (@elonmusk) February 3, 2025
USAID के जरिए अरबों डॉलर की मदद
यूएसएआईडी संघीय सरकार और उसके कई कार्यक्रमों को लेकर ट्रंप प्रशासन द्वारा सबसे अधिक निशाना बनाई गईं संघीय एजेंसियों में से एक रही है. अमेरिका दुनिया में मानवीय सहायता देने वाला सबसे बड़ा देश है तथा USAID 100 से अधिक देशों में अरबों डॉलर की मानवीय, विकास और सुरक्षा सहायता प्रदान करती है.















