कौन हैं कैलिफोर्निया की पूर्व मेयर एलीन वांग?

अमेरिका के कैलिफोर्निया में चीन से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है. कैलिफोर्निया के आर्केडिया शहर की पूर्व मेयर एलीन वांग ने माना है कि उन्होंने चीन सरकार के लिए एजेंट के तौर काम किया. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, उन्होंने चीन के कहने पर अमेरिका में चीन के समर्थन में प्रचार किया. 58 साल की एलीन वांग आर्केडिया सिटी काउंसिल की सदस्य थीं. आर्केडिया शहर लॉस एंजिलिस के पास है और यहां बड़ी संख्या में चीनी मूल के लोग रहते हैं. शहर की आबादी 53,000 हजार है.आरोप सामने आने के बाद उन्होंने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. अगर अदालत उन्हें दोषी मानती है तो उन्हें अधिकतम 10 साल तक की जेल हो सकती है. अमेरिकी जांच एजेंसियों के मुताबिक, एलीन वांग ने 2020 से 2022 के बीच चीन सरकार के अधिकारियों के निर्देश पर काम किया. यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 13 मई से चीन दौरे पर रहेंगे. यहां उनकी मुलाकात राष्ट्रपति शी जिनपिंग से होगी.

न्यूज वेबसाइट पर चीनी प्रोपेगेंडा चलाया

वांग ने अपने साथी याओनिंग माइक सन के साथ मिलकर US News Center नाम की वेबसाइट चलाई. यह वेबसाइट अमेरिका में रहने वाले चीनी समुदाय को ध्यान में रखकर बनाई गई थी. आरोप है कि इस वेबसाइट पर चीन सरकार के समर्थन वाले लेख और खबरें डाली जाती थीं. इनमें ऐसे लेख भी शामिल थे, जिनमें चीन के शिनजियांग इलाके में उइगर मुस्लिमों के साथ हो रहे कथित अत्याचार और जबरन मजदूरी के आरोपों को गलत बताया गया था.अमेरिकी कानून के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति किसी विदेशी सरकार के लिए काम करता है तो उसे इसकी जानकारी अमेरिकी सरकार को देनी होती है. लेकिन जांच एजेंसियों का कहना है कि एलीन वांग ने ऐसा नहीं किया और गुप्त तरीके से चीन सरकार के निर्देश मानती रहीं. वांग पर अप्रैल में आरोप लगे थे.

FBI ने कार्रवाई की बात कही

अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने इस मामले को गंभीर बताया है. FBI अधिकारी रोमन रोजहाव्स्की ने कहा कि एलीन वांग ने खुद माना है कि वह चीन सरकार के हित में काम कर रही थीं. उन्होंने कहा कि अमेरिका में विदेशी सरकारों के लिए छिपकर काम करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.एलीन के सहयोगी याओनिंग सन पहले ही आरोप स्वीकार कर चुके हैं और उन्हें चार साल की जेल की सजा मिल चुकी है. वहीं जॉन चेन नाम के एक शख्स को भी चीन सरकार के एजेंट के तौर पर काम करने के मामले में सजा मिली है.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts