बिजनौर बैराज से 41929 क्यूसेक पानी तिगरी गंगा में छोड़ा गया। बावजूद इसके इससे अधिक पानी के डिस्चार्ज हो1ने के चलते तिगरी गंगा का जलस्तर फिलहाल 40 सेमी घट गया है। खादर क्षेत्र की आबादी ने कुछ राहत की सांस ली है।हालांकि, जलस्तर कम होने के बाद भी गांवों के रास्तों पर कीचड़ पसरी है। आवाजाही में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पहाड़ी संग मैदानी इलाकों में लगातार जारी बारिश के बीच बिजनौर बैराज से रोजाना तिगरी गंगा में पानी छोड़ा जा रहा है। सोमवार को भी 41929 क्यूसेक पानी तिगरी गंगा में छोड़ा गया। वहीं इससे कहीं अधिक पानी तिगरी गंगा से डिस्चार्ज हो गया है। ऐसे में तिगरी गंगा का जलस्तर फिलहाल 40 सेमी घट गया है। मंगलवार को जलस्तर 199.70 सेमी दर्ज किया गया जबकि सोमवार को जलस्तर 200.10 सेमी था। तिगरी गंगा का जलस्तर घटने के बाद एक ओर जहां खादर क्षेत्र के ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से राहत मिली है तो वहीं शीशोवाली, ढाको वाली समेत पांच गांवों में रास्तों पर पसरी कीचड़ सफर की दुश्वारियां बढ़ा रही है। गांव के रास्तों से निकलना तक दूभर बना है। वहीं, गांव ओसीता जगदेपुर के खेतों में भरा पानी भी अब कम हो गया है। जेई बाढ़ खंड सुभाष कुमार के मुताबिक पहाड़ों पर बारिश नहीं होने के चलते गंगा का जलस्तर अभी और भी कम हो सकता है।















