मुजफ्फरनगर के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। वीडियो में एक बाल अपचारी पंजाबी गाने की धुन पर दबंगई करता हुआ दिखाई दे रहा है। यह वीडियो जेल परिसर के भीतर का है, जिसमें बाल अपचारी एक जाली के पीछे खड़ा होकर किसी परिचित को जल्द रिहाई की बात करता दिख रहा है। यह दृश्य यह स्पष्ट करता है कि संप्रेक्षण गृह के भीतर न सिर्फ मोबाइल फोन मौजूद था, बल्कि उसका प्रयोग भी किया जा रहा था।इस वायरल वीडियो ने एक बार फिर बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि यह वीडियो किसी कर्मचारी की मिलीभगत से ही रिकॉर्ड कर बाहर भेजा गया होगा। जेल जैसी जगह में मोबाइल फोन की मौजूदगी सामान्य नहीं मानी जा सकती, ऐसे में अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है।यह पहली बार नहीं है जब इस बाल संप्रेक्षण गृह में लापरवाही की तस्वीर सामने आई हो। पूर्व में यहां से कुख्यात गैंगस्टर विक्की त्यागी की हत्या के आरोपी सागर मलिक और सौरभ मलिक फरार हो चुके हैं। तब भी सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल उठे थे, लेकिन लगता है कि उस घटना से कोई ठोस सबक नहीं लिया गया।फिलहाल जिला प्रशासन और जेल विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। वीडियो किस मोबाइल से बना, उसे बाहर किसने पहुंचाया और जेल में मोबाइल पहुंचा कैसे—इन सभी बिंदुओं पर गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है। वहीं, घटना के सामने आने के बाद संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग भी तेज हो गई है।















