बांदा। थाना नरैनी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 2 दिन के अंदर खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार के पर्यवेक्षण में थाना नरैनी पुलिस ने धारदार हथियार से हत्या करने वाले 3अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। थाना नरैनी क्षेत्रान्तर्गत ग्राम नहरी लक्ष्मी बाजार निवासी जिलेदार ने थाना नरैनी में सूचना दी थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने उनके पुत्र की हत्या कर शव को बागै नदी में फेंक दिया है। सूचना पर तत्काल अभियोग पंजीकृत कर घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी बांदा ने पुलिस टीमों का गठन किया था।
टीमों के अथक प्रयास से घटना का सफल अनावरण करते हुए 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि लगभग 2 दिन पूर्व मृतक द्वारा उनके परिवार की एक महिला से बातचीत करने को लेकर रंजिश हो गई थी, जिसके चलते धारदार हथियार से वारकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को मोटरसाइकिल सहित बागै नदी पुल से नदी में फेंक दिया गया था।अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आला कत्ल बांका और मृतक की मोटरसाइकिल को नदी से बरामद कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त चुनवदा उर्फ रमेश पुत्र पुन्ना निवासी शंकर बाजार अंश पुकारी थाना नरैनी जनपद बांदा, रामबाबू पुत्र पुन्ना निवासी शंकर बाजार अंश पुकारी थाना नरैनी जनपद बांदा, अरुण पुत्र किशोरी लाल निवासी ग्राम पुकारी थाना नरैनी जनपद बांदा का निवासी हैं।























































