मुजफ्फरनगर जिले में वांछित व फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुढ़ाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बुढ़ाना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक शातिर वांछित और हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार किया। थाना बुढ़ाना पुलिस गैस गोदाम के पास बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया जिसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह तेजी से भाग निकला। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, जिसके बाद ग्राम विज्ञाना मार्ग पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। आरोपी ने भागने की कोशिश की और खुद को घिरा पाकर पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध शस्त्र और मोटरसाइकिल बरामद की। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।















