मुज़फ्फरनगर के गांधी कॉलोनी स्थित गांधी वाटिका में आज “एक देश, एक चुनाव” विषय पर केंद्रित भव्य प्रबुद्ध समागम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने सारगर्भित संबोधन में इस संकल्पना को लोकतंत्र की मजबूती, प्रशासनिक सुगमता, संसाधनों की बचत और जनभागीदारी में वृद्धि का माध्यम बताया। राज्य सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने इसे भारत की संसदीय प्रणाली में स्थिरता और पारदर्शिता लाने वाला एक दूरदर्शी कदम बताया। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाले चुनाव जहां वित्तीय और प्रशासनिक संसाधनों पर भारी दबाव डालते हैं, वहीं विकास कार्यों को भी प्रभावित करते हैं। “एक देश, एक चुनाव” की अवधारणा इन सभी समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करती है।कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन, समाजसेवी, अधिवक्ता, चिकित्सक, शिक्षाविद और उद्योगपति शामिल हुए। कार्यक्रम ने गंभीर चिंतन और सकारात्मक विमर्श को जन्म दिया, जिसे समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता ने सफल और सार्थक बनाया।















