मुज़फ्फरनगर जिले के थाना तितावी क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक शातिर अभियुक्त को घायल हालत में गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ नगला पिथौरा से छतैला जाने वाले मार्ग पर हुई, जहां पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति को आता देख पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया।पुलिस को देखकर अभियुक्त ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की लेकिन असंतुलन के कारण वह गिर गया। इसके बाद वह ईख के खेत में भाग गया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने तत्परता से घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की। आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में बदमाश घायल हो गया।घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से एक अवैध शस्त्र और बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। थानाध्यक्ष तितावी के नेतृत्व में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस की सक्रियता और साहस से एक शातिर अपराधी पकड़ा गया है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा का संदेश गया है।















