शाहपुर कस्बे के एक बैंक्वेट हॉल में जाट महासभा द्वारा भव्य जाट शौर्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस में हाल ही में चयनित हुए क्षेत्र के जाट समाज के 92 युवक-युवतियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। शाहपुर ब्लॉक से इतने बड़े पैमाने पर पुलिस सेवा में चयन होने पर पूरे समाज में उत्साह और गर्व का वातावरण है।
समारोह के मुख्य अतिथि देवरिया जिले के युवा कल्याण अधिकारी पुनीत बालियान ने जाट समाज के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं ने खेल और सेवा क्षेत्र में देश का नाम रोशन किया है। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने सिपाही के पद से करियर शुरू किया था और मेहनत व खेल के प्रति समर्पण से आज उच्च पद पर हैं।
जाट महासभा के जिलाध्यक्ष धर्मवीर बालियान ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें अपने इतिहास को जानना और उससे प्रेरणा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में ईमानदारी से काम करना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और युवाओं को हर हाल में निष्पक्ष और कर्तव्यनिष्ठ होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को भ्रष्टाचार से दूर रहने और समाज की प्रतिष्ठा को बनाए रखने की नसीहत दी।
कार्यक्रम में यशपाल सिंह बालियान, करणवीर प्रधान, धर्मपाल प्रधान, विजय बालियान समेत कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए और युवाओं को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता राधेश्याम सिंह काकड़ा ने की और संचालन विनीत रघुवंशी ने किया।
इस अवसर पर अनिल कुमार, संजीव बालियान, संजीव कुमार, डॉ. लोकेंद्र बालियान, राकेश बालियान, राजेंद्र सिंह, जितेंद्र बालियान, सत्येंद्र राठी, धर्मेंद्र सिंह, रवि चौधरी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे और सभी ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।















