देश के कई राज्यों में घना कोहरा छाया हुआ है. कोहरे के कारण कई हादसे भी सामने आए हैं. उत्तर प्रदेश के नोएडा, सहारनपुर और हरदोई में कोहरे की वजह से कई वाहन आपस में भिड़ गए. इन हादसों में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है. इधर, मुंबई-नासिक हाइवे पर गोठे घर सर्किल के पास भीषण सड़क हादसा सामने आया है. यहां बस, कंटेनर, ट्रक और टेम्पो आपसे में टकरा गए. हादसे में तीन यात्रियों की मौत की खबर है. वहीं, करीब 15 घायल हुए हैं. पुलिस और लाइफ गार्ड मौके पर मौजूद हैं.दिल्ली से सटे नोएडा के महामाया पुल के पास घने कोहरे के कारण दो वोल्वो बसों में टक्कर हो गई. इस घटना में करीब 6 लोगों को चोट आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. यह दोनों बस ग्वालियर और गोरखपुर से आ रही थीं. सूचना मिलने पर मौके पर थाना 39 पुलिस और यातायात की टीम पहुंच गई और बस को रास्ते से हटकर किनारे कर दिया है, जिससे कि और कोई दुर्घटना ना हो जाए.
शराब पिए था बस ड्राइवर
नोएडा में हुआ हादसा सुबह 8 बजे के करीब हुआ, जब आगे चल रही ग्वालियर से आ रही बस को पीछे से गोरखपुर से आ रही बस ने टक्कर मार दी. लोगों का कहना है कि इसमें गलती गोरखपुर से आ रही वोल्वो बस के ड्राइवर की है. उसने शराब भी पिया हुआ था, जिससे उससे बस कंट्रोल नहीं हुई और यह दुर्घटना हो गई.















