मुजफ्फरनगर में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार,

मुजफ्फरनगर जनपद में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों और अपर पुलिस महानिदेशक के आदेश के अनुपालन में 23 जनवरी 2026 की रात ‘ऑपरेशन सील’ के अंतर्गत विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान चौकी बेगराजपुर क्षेत्र में बंद पड़ी पालीवाल फैक्ट्री के पास स्थित बाउंड्री के अंदर पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा।

पुलिस द्वारा दोनों की जामा तलाशी लेने पर उनके कब्जे से अलग-अलग एक-एक नाजायज असलहा तथा 01-02 जिंदा कारतूस बरामद हुए। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मोटरसाइकिल चोरी करने का काम करते हैं। आरोपियों ने बताया कि यह मोटरसाइकिलें उन्होंने जनपद मेरठ के अलग-अलग स्थानों से चोरी की हैं और इसी तरह की अन्य चोरी की गाड़ियां भी उन्होंने हाईवे-58 स्थित पालीवाल फैक्ट्री की बाउंड्री के अंदर छिपा रखी हैं।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाउंड्री के भीतर छिपाई गई चोरी की 05 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इसके साथ ही 02 तमंचे 315 बोर और 03 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। पूरी कार्रवाई 23 जनवरी 2026 को शाम करीब 20:45 बजे की गई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों को यहां लाकर छिपा देते थे और बाद में उनके इंजन नंबर, चेसिस नंबर व नंबर प्लेट हटा देते थे। इसके बाद मोटरसाइकिलों की बॉडी को स्क्रैप में और अन्य पार्ट्स को स्पेयर पार्ट्स की दुकानों में बेच देते थे, जिससे उन्हें अच्छी-खासी आमदनी हो जाती थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts