‘क्योंकि 2’ को गद्दी से उतार ‘वसुधा’ ने रचा इतिहास.

छोटे पर्दे की दुनिया में इस हफ्ते एक ऐसा भूचाल आया है, जिसने सालों पुराने रिकॉर्ड्स को मिट्टी में मिला दिया है. BARC इंडिया ने साल 2026 के 17वें हफ्ते की टीआरपी रेटिंग जारी कर दी है, और इस बार के नतीजे चौंकाने वाले हैं. जहां एक तरफ क्रिकेट के महाकुंभ IPL 2026 ने हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स (GEC) की रेटिंग्स को हिला कर रख दिया है, वहीं ज़ी टीवी के एक शो ने वो कर दिखाया है, जिसकी उम्मीद शायद ही किसी ने की थी.इस हफ्ते का सबसे बड़ा उलटफेर ‘वसुधा’ ने किया है. ज़ी टीवी का यह शो अब नंबर 1 की कुर्सी पर काबिज हो गया है. ज़ी टीवी के किसी शो ने करीब 6 साल के लंबे अंतराल के बाद टीआरपी चार्ट में टॉप पोजीशन हासिल की है. ‘वसुधा’ ने स्टार प्लस के दिग्गज शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ (सीजन 2) को पछाड़कर सबको हैरान कर दिया है.

‘अनुपमा’ का गिरा ग्राफ, ‘क्योंकि…’ को लगा झटका

एक वक्त पर टीआरपी की बेताज बादशाह रही ‘अनुपमा’ के लिए ये हफ्ता किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा. आईपीएल की लहर और बदलती कहानी के बीच अनुपमा इस बार खिसककर सीधे पांचवें पायदान पर जा गिरी है. वहीं, ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में आकाशदीप सहगल की धमाकेदार एंट्री और ‘अंश गुजराल’ की विरासत को आगे बढ़ाने के बावजूद शो को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा है.

IPL का असर और चैनल्स की जंग

मई के इस तपते महीने में आईपीएल की वजह से ज्यादातर डेली सोप्स की रेटिंग में भारी गिरावट देखी गई है. ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ अपनी जगह बचाने में कामयाब रहा और छठे स्थान पर बना हुआ है, जबकि एकता कपूर का सुपरनैचुरल थ्रिलर ‘नागिन 7’ भी टॉप 10 में टिके रहने में सफल रहा.चैनलों की रेस की बात करें तो सोनी सब इस हफ्ते सबको पछाड़ते हुए नंबर 1 हिंदी GEC बनकर उभरा है. स्टार प्लस दूसरे और कलर्स टीवी तीसरे स्थान पर रहा, जबकि ज़ी टीवी चौथे पायदान पर है. हालांकि, ‘वसुधा’ की सफलता ने ज़ी टीवी के लिए भविष्य की नई राहें खोल दी हैं.अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले हफ्तों में क्या ‘अनुपमा’ और तुलसी अपनी खोई हुई साख वापस पा सकेगी या ‘वसुधा’ का जादू बरकरार रहेगा.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts