मुजफ्फरनगर में वामा सारथी व यूपी कौशल विकास मिशन की पहल, पुलिस परिवारों के लिए शुरू हुआ कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम

मुजफ्फरनगर। पुलिस परिवारों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) द्वारा निरंतर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की सहभागिता से शनिवार को कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में आयोजित हुआ, जिसका उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर की धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय ने किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस परिवार की महिलाओं और सदस्यों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) की ओर से विभिन्न कौशल आधारित कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। इनमें डिजिटल मार्केटिंग एंड ई-कॉमर्स, हैंडक्राफ्ट एंड कार्पेट, ब्यूटी एंड वेलनेस, टेलरिंग एंड फैशन डिजाइनिंग जैसे कोर्स शामिल हैं। फिलहाल जनपद मुजफ्फरनगर में ब्यूटीशियन एवं टेलरिंग एंड फैशन डिजाइनिंग कोर्स की शुरुआत की गई है। इस अवसर पर प्रतिभागियों का नामांकन भी किया गया।

विशेष बात यह रही कि प्रशिक्षण के लिए प्रतिभागियों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में ही प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की ओर से प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे भविष्य में स्वरोजगार या किसी भी औद्योगिक क्षेत्र में अवसर प्राप्त कर सकें।

इस मौके पर क्षेत्राधिकारी कार्यालय की सुश्री ऋषिका सिंह, वामा सारथी सदस्य श्रीमती निवेदिता और श्रीमती अर्पिता, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह, आईटीआई मुजफ्फरनगर के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार, कोर्स प्रबंधक अक्षय कुमार, उपनिरीक्षक देवेंद्र नागर समेत पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य पुलिस परिवार की महिलाओं व युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त करना है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts