राजगढ़ (अलवर) कस्बे की अग्रवाल धर्मशाला में वैश्य महिला समिति की नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह तथा ग्रीष्मकालीन शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला वैश्य समिति के उपाध्यक्ष देवीशंकर गुप्ता एवं मीना खंडेलवाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सुभाष गुप्ता, पदम गुप्ता, ओमप्रकाश एवं रेणु जैन ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। ग्रीष्मकालीन शिविर 1 मई से 30 मई तक संचालित किया जाएगा, जिसमें महिलाओं व बच्चों के लिए विभिन्न रचनात्मक व सांस्कृतिक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इस आयोजन की जानकारी समिति की मीडिया प्रवक्ता मोना विजय ने दी।
समारोह के दौरान नवीन कार्यकारिणी की अध्यक्ष श्रीमती कमलेश गुप्ता, उपाध्यक्ष ममता, कोषाध्यक्ष रेखा रानी, सचिव सुषमा गोयल और अन्य पदाधिकारियों ने विधिवत शपथ ग्रहण की। मौके पर पवन जैन, प्रीति गुप्ता सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, महिलाएं एवं पुरुष मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक संगठन को सशक्त बनाना एवं महिलाओं को सक्रिय रूप से जोड़ना रहा। आयोजन को सभी ने सराहा और समिति के भावी कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।















