यूपीएससी सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों के लिए आयोग ने एक अहम सूचना जारी की है. परीक्षा के दौरान किसी सवाल या प्रश्नपत्र को लेकर उम्मीदवारों को आपत्ति सुझाव दर्ज कराना है तो इसके लिए अलग ऑनलाइन पोर्टल की सुविधा मिलेगी. संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के मुताबिक Question Paper Representation Portal (QPReP) परीक्षा समाप्त होने के बाद केवल पांच दिनों के लिए उपलब्ध रहेगा. उम्मीदवार इस तय अवधि में ही अपने प्रश्न या पेपर से संबंधित Representation आयोग के सामने भेज सकेंगे. इसके बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा और किसी अन्य माध्यम से भेजी गई आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी.
31 अगस्त से 4 सितंबर तक खुला रहेगा पोर्टल
UPSC के अनुसार, Question Paper Representation Portal यानी QPReP को 31 अगस्त 2026 से 4 सितंबर 2026 तक एक्टिव रखा जाएगा. इस दौरान अभ्यर्थी परीक्षा में पूछे गए किसी सवाल या संबंधित प्रश्नपत्र को लेकर अपनी आपत्ति और सुझाव दर्ज करा सकेंगे. आयोग ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल की सुविधा सीमित समय के लिए ही होगी.उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वो अपनी Representation समय रहते दर्ज करें. आखिरी दिन का इंतजार करने पर तकनीकी समस्या या अन्य परेशानी की स्थिति में मौका छूट सकता है.
इन तारीखों में होगी UPSC Mains परीक्षा
UPSC Civil Services Mains 2026 परीक्षा का आयोजन अगस्त महीने में किया जाएगा. परीक्षा के कुछ पेपर 21, 22 और 23 अगस्त को होंगे, जबकि शेष पेपर 29 और 30 अगस्त 2026 को आयोजित किए जाएंगे. परीक्षा पूरी होने के बाद उम्मीदवार प्रश्नपत्रों को देखकर किसी सवाल या पेपर को लेकर अपनी बात आयोग तक पहुंचा सकेंगे.इस प्रक्रिया के लिए आयोग ने QPReP को आधिकारिक माध्यम बनाया है. इसलिए उम्मीदवारों को परीक्षा के बाद पोर्टल खुलने का इंतजार करना होगा.
ईमेल या डाक से नहीं भेज सकेंगे आपत्ति
UPSC ने साफ किया है कि प्रश्नपत्र या प्रश्नों से संबंधित Representation केवल QPReP के जरिए स्वीकार की जाएगी. ईमेल, डाक या किसी दूसरे माध्यम से भेजी गई आपत्ति पर आयोग विचार नहीं करेगा. 4 सितंबर 2026 के बाद भेजी गई Representation भी स्वीकार नहीं की जाएगी.ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए जरूरी है कि वो निर्धारित पांच दिनों के भीतर अपनी आपत्ति दर्ज कर दें. उम्मीदवारों को अपनी बात स्पष्ट और सही जानकारी के साथ पोर्टल पर जमा करनी होगी, ताकि आयोग तय प्रक्रिया के तहत उसका परीक्षण कर सके.























































