‘एक विद्यालय एक खेल’ अभियान के तहत कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं को बॉक्सिंग के लिए किया प्रेरित.

मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में संचालित ‘एक विद्यालय एक खेल’ अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, नगरीय क्षेत्र सर्कुलर रोड में छात्राओं को खेलों के प्रति जागरूक और प्रेरित करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी क्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र सिंह, जो अंडर-19 पुरुष भारतीय बॉक्सिंग टीम के पूर्व कोच भी रह चुके हैं, ने छात्राओं को बॉक्सिंग खेल की बारीकियों से अवगत कराया और उन्हें राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता भी सिखाता है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को भारत की महान महिला मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम के संघर्ष और उपलब्धियों पर आधारित प्रेरणादायक वीडियो दिखाया गया। भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मणिपुर के एक साधारण किसान परिवार में जन्मी मैरी कॉम ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने हौसले और मेहनत के दम पर विश्व स्तर पर भारत का नाम रोशन किया। वर्ष 1998 के एशियन गेम्स में डिंको सिंह की स्वर्ण पदक जीत से प्रेरित होकर उन्होंने बॉक्सिंग को अपना करियर बनाया और 15 वर्ष की आयु में इम्फाल स्पोर्ट्स अकादमी में प्रशिक्षण शुरू किया। वर्ष 2001 में उन्होंने पहली बार विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीता और इसके बाद छह स्वर्ण, एक रजत तथा एक कांस्य सहित कई विश्व चैंपियनशिप पदक अपने नाम किए। वर्ष 2002 में विश्व चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक जीतने वाली वह पहली भारतीय महिला बॉक्सर बनीं।

भूपेंद्र सिंह ने छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए बॉक्सिंग सीखने का महत्व भी समझाया और कहा कि यह खेल बेटियों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ आत्मविश्वास भी प्रदान करता है। उन्होंने खेल विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक बालिकाओं से खेलों में भागीदारी करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सर्कुलर रोड को स्वयं बॉक्सिंग प्रशिक्षण देने के लिए चयनित किया गया है, जिससे यहां की छात्राओं को नियमित और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिल सकेगा।

कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में सफलता, अनुशासन और बेहतर भविष्य का मजबूत आधार है। उन्होंने बालिकाओं से बॉक्सिंग सहित विभिन्न खेलों में आगे बढ़कर अपना करियर बनाने और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक बॉक्सिंग प्रशिक्षण में रुचि दिखाई और खेल के माध्यम से नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का संकल्प लिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts