राजगढ़ (अलवर)। राजगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर स्थित पिनान दिल्ली एक्जिट टोल प्लाजा पर देर रात बदमाशों ने हमला कर दिया। अज्ञात पांच युवक, जिनके हाथों में डंडे थे, टोल प्लाजा पर पैदल चढ़कर आए और केबिन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। हमले में दो टोलकर्मी घायल हो गए जबकि दो अन्य जान बचाकर भाग निकले। बदमाशों ने दो बूथ के शीशे व कुर्सियां तोड़ दीं और एक डूम को भी क्षति पहुंचाई। इस दौरान कई वाहन बिना टोल चुकाए गुजर गए।
घटना की सूचना मिलने पर अन्य टोलकर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने टोल के पास बने अंडरपास में वाहन खड़ा कर रखा था और वहीं से पैदल प्लाजा पर पहुंचे थे।
घटना के बाद ईगल इंप्रा इंडिया लिमिटेड कंपनी के जीएम रोहित शिंदे मौके पर पहुंचे और टोलकर्मियों से पूरी जानकारी ली। जब मीडिया ने उनसे बयान लेने की कोशिश की, तो उन्होंने टालते हुए कहा कि कार्यकारी एजेंसी एनएचएआई है।















