मुजफ्फरनगर। जनपद में वांछित और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चरथावल पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के गंभीर मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक एक व्यक्ति ने थाना चरथावल में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम दधेडू खुर्द निवासी उमर उर्फ सालिम ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी पुत्री को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और मोटरसाइकिल पर बैठाकर जंगल में ले जाकर उसके साथ गलत काम किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चरथावल पुलिस ने तत्काल मुकदमा संख्या 95/2026 धारा 87, 123 और 70(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
इसी क्रम में थाना चरथावल पुलिस और एसओजी टीम क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान दधेडू पुल के नीचे से दधेडू खुर्द जाने वाले रास्ते पर दो संदिग्ध युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों आरोपियों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया और जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों का पीछा करते हुए घेराबंदी कर उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने दोबारा फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई नियंत्रित जवाबी कार्रवाई के दौरान एक आरोपी उमर उर्फ सालिम के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। वहीं दूसरे आरोपी मौहम्मद अब्दुल्ला को आसपास के क्षेत्र में चलाए गए कांबिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी उमर उर्फ सालिम पुत्र आस मोहम्मद निवासी ग्राम दधेडू खुर्द थाना चरथावल तथा मौहम्मद अब्दुल्ला पुत्र मतलूब निवासी बागोवाली थाना नई मंडी के खिलाफ पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि आरोपी एक गंभीर अपराध में वांछित चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार थे।























































