मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़: चोरी की स्कूटी के साथ दो शातिर अंतरजनपदीय चोर गिरफ्तार,

मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी पुलिस ने चोरी की स्कूटी के साथ घूम रहे दो शातिर अंतरजनपदीय चोरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में दोनों घायल हो गए। उनके कब्जे से अवैध हथियार, मोबाइल फोन और थाना नई मंडी क्षेत्र से चोरी की गई एक स्कूटी बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक 6 जून 2026 को थाना नई मंडी क्षेत्र से एक स्कूटी चोरी होने की घटना सामने आई थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना नई मंडी में मुकदमा संख्या 295/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में 15 जून की रात थाना नई मंडी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की गई स्कूटी पर सवार दो बदमाश क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सिसोना पुलिया के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।

कुछ देर बाद एक स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे नहीं रुके और स्कूटी को तेजी से रजवाहा पटरी की ओर मोड़कर भागने लगे। पुलिस को उनके बदमाश होने का संदेह हुआ तो टीम ने पीछा शुरू कर दिया। भागने के दौरान आगे एक तीव्र मोड़ पर स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाश स्कूटी छोड़कर पास के गन्ने के खेत में घुस गए और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए और उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वकील पुत्र असलम निवासी अजराड़ा थाना मुंडाली जनपद मेरठ तथा परवेज पुत्र फकीरा निवासी नहाली थाना भोजपुर जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि दोनों शातिर किस्म के अंतरजनपदीय अपराधी हैं। परवेज के खिलाफ विभिन्न जनपदों के थानों में चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट सहित दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि वकील के खिलाफ भी विभिन्न गंभीर धाराओं में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों के कब्जे से अवैध शस्त्र, मोबाइल फोन और चोरी की स्कूटी बरामद कर ली है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts