सहारनपुर, । काकोरी ट्रेन एक्शन की 100वीं वर्षगांठ के समापन अवसर पर जनमंच सभागार में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इससे पूर्व मंडलायुक्त कार्यालय से घंटाघर होते हुए गांधी पार्क तक बाइक एवं साइकिल सवारों की तिरंगा रैली निकाली गई, जिसे राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी, नगर विधायक राजीव गुंबर और जिलाधिकारी मनीष बंसल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
गांधी पार्क में महात्मा गांधी और शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए गए तथा 100 गुब्बारे उड़ाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। पुलिस बैण्ड द्वारा राष्ट्रधुन का वादन भी हुआ। इसके बाद जनमंच सभागार में लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण देखा गया।
कार्यक्रम में शहीद क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों सुमित्रा, रानी देवी, कमला देवी, कैलाशो देवी, कृष्णा देवी, सुशीला सहित शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया गया। कर्नल मधुर गोयल, ओनरेरी नायब सुबेदार सतीश कुमार, नायब सुबेदार भीम सेन, सिपाही विकास कुमार, प्रदीप कुमार और ओमपाल तोमर को भी अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं में विजेता छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया।
स्पीक माईके कलाकारों ने काकोरी ट्रेन एक्शन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति और आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जनमंच परिसर में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग और पंचायती राज विभाग द्वारा काकोरी ट्रेन एक्शन पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें क्रांतिकारियों के मूल हस्ताक्षर, ऐतिहासिक पत्र और दस्तावेज प्रदर्शित हुए।
जसवंत सैनी ने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन देशभक्ति का प्रेरक अध्याय है, जिसने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। महापौर अजय कुमार और विधायक राजीव गुंबर ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान किया। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों को शहीदों के त्याग से प्रेरित करेगा।















