गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर मुजफ्फरनगर में श्रद्धांजलि समारोह

मुजफ्फरनगर में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष, विचारधारा और योगदान को याद कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गांधी और शास्त्री के आदर्शों को समाज और राष्ट्र निर्माण में आज भी प्रासंगिक बताया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में भाषण के दौरान वक्ताओं ने विशेष रूप से लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व और कार्यशैली पर प्रकाश डाला। उन्हें दृढ़ इच्छाशक्ति, सत्यनिष्ठा, जबर्दस्त कार्यक्षमता और विनम्र स्वभाव का प्रतीक बताया गया। शास्त्री जी का आचरण, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण भाव और सादगीपूर्ण जीवन आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वक्ताओं ने कहा कि उनका अनुशासित जीवन, कठोर नैतिकता और निडरता ने उन्हें जनता के बीच विशेष स्थान दिलाया। उनका नारा “जय जवान, जय किसान” आज भी भारत की आत्मा को जीवंत करता है।

इस अवसर पर राजकीय विशेषज्ञ दत्त ग्रहण मुजफ्फरनगर की प्रबंधक रितु चौधरी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए महात्मा गांधी के विचारों और उनके अहिंसा एवं सत्य के मार्ग पर आधारित जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी और उनका सत्याग्रह आंदोलन न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व के लिए उदाहरण बन गया। गांधी जी का यह संदेश कि “आंख के बदले आंख से पूरी दुनिया अंधी हो जाएगी” आज भी शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए मार्गदर्शन करता है।

कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर का स्टाफ, सीएचएल स्टाफ, पुलिस चौकी स्टाफ और राजकीय विशेषज्ञ दत्त ग्रहण से आए कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर दोनों महान विभूतियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उपस्थित जनों ने कहा कि गांधी और शास्त्री के विचार और जीवन दर्शन हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, सादगी से जीने और ईमानदारी को जीवन में उतारने की प्रेरणा देते हैं।

पूरे आयोजन का वातावरण श्रद्धा और प्रेरणा से परिपूर्ण रहा। वक्ताओं ने यह भी जोर दिया कि आज के समय में जब समाज अनेक चुनौतियों से गुजर रहा है, तब गांधी और शास्त्री जैसे महापुरुषों के विचारों को आत्मसात करना और उन्हें व्यवहार में लाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने जीवन में सत्य, अहिंसा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता को अपनाकर देश को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts