गांधी और शास्त्री जयंती पर मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट में हुआ भव्य आयोजन

मुजफ्फरनगर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों तथा सरकारी और गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। कलेक्ट्रेट परिसर में भी एक विशेष आयोजन किया गया, जहां जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, अपर जिला अधिकारी और अन्य अधिकारियों ने दोनों महान नेताओं को श्रद्धांजलि दी।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। यह अवसर हमें दो महान व्यक्तित्वों के जीवन, विचारों और आदर्शों को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन और सेवा भाव को अपनाकर भारत को स्वतंत्रता दिलाई। गांधी जी ने स्वतंत्रता आंदोलन में अद्वितीय नेतृत्व प्रदान किया और देशवासियों को एक सूत्र में बांधकर स्वतंत्रता की ओर अग्रसर किया। जिलाधिकारी ने गांधी जी के जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि हमें उनके विचारों से प्रेरणा लेकर जीवन में आत्मसात करना चाहिए।

जिलाधिकारी ने आगे कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने देश को “जय जवान, जय किसान” का नारा दिया, जिसने देशवासियों में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना जगाई। शास्त्री जी ने अपने कर्म और आचरण से सिद्ध किया कि सच्चा नेतृत्व विनम्रता, निष्ठा और जनसेवा में निहित होता है। जिलाधिकारी ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को भी यह प्रेरणा मिलनी चाहिए कि वे गांधी और शास्त्री जी के आदर्शों को स्वीकार कर आत्मसात करें। इसी में सशक्त और प्रभुत्वशाली भारत का निर्माण संभव होगा और यही दोनों महान नेताओं को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार ने कहा कि गांधी और शास्त्री जी के विचारों पर चलकर हमें सादगीपूर्ण जीवन जीना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनना और उनका निराकरण करना चाहिए।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम गांधी और शास्त्री जी के विचारों को अपने आचरण और कार्यों में उतारेंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, समरस, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट पंकज कुमार राठौर सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने विचार रखे। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी न्यायिक और अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का वातावरण गांधी और शास्त्री जी की स्मृतियों, उनके आदर्शों और राष्ट्रहित के संकल्पों से ओतप्रोत रहा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts