बांदा। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण लगाये जाने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु की जा रही कार्यवाही के क्रम में थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा जेबकतरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के 03 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया । गौरतलब हो कि पहली घटना में गिरवां क्षेत्र के बड़ोखर बुजुर्ग के रहने वाले शिवकरन पुत्र मुरली की 23 सितंबर 25 को ई-रिक्शा से जाते समय साथ में सवार एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा कालूकुआं ओवर ब्रिज से उसकी जेब काटकर 15 हजार रुपए निकालकर एक अन्य साथी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर भाग गये । इसी तरह ग्राम सिकरी थाना कमासिन के रहने वाले एलआईसी बीमा अभिकर्ता रामकुमार पुत्र रामआसरे की 26 सितंबर 25 को एलआईसी प्रिमियम की किस्त जमा करने जाते समय नये ओवरब्रिज के पास मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति पास आकर बोले कि दिवान जी को स्टेशन तक छोड़ दो । जब वह व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर बैठाकर पंजाब आर्मरी के पास पहुंचे तो पीछे बैठा व्यक्ति उनका जेब काटकर 54 हजार रुपए निकालकर मोटरसाइकिल से कूदकर दोबारा उसी व्यक्ति के मोटरसाइकिल पर बैठकर भाग गया ।
3-जनपद चित्रकूट, कर्वी के रहने वाले राजस्व निरीक्षक सिपाही लाल की 12 सितंबर को ई-रिक्शा से कचहरी से जाते समय कालूकुआं ओवरब्रिज के पास साथ में बैठे अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी जेब काटकर 50 हजार रुपए निकाल लिए । इस सम्बन्ध में सभी के द्वारा दिए गए तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्तों की पहचान व गिरफ्तारी हेतु टीमों का गठन किया गया था । इसी क्रम में सीसीटीवी कैमरे आदि की मदद से अभियुक्तों की पहचान करते हुए आज थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम द्वारा महोखर बाइपास के पास से जेबकाटने की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के 03 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया । तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से 91 हजार 430 रुपए नगद, 03 सर्जिकल ब्लेड व मोबाइल फोन बरामद हुआ । कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वे अपने साथियों के साथ जनपद बांदा व आस-पास के जनपदों में लोगों की जेब काटकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते है । अभियुक्त मिथुन से उसके सिर पर लगे चोटों के बारे पूछने पर बताया कि 27 सितंबर 25 को बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस वे पर डिवाइडर से टकराकर गिरने से उसके सिर पर चोटें आई है । इस सम्बन्ध में पुलिस द्वारा गहनता से जांच की जा रही है कि अभियुक्तों द्वारा और किन-किन स्थानों पर जेब काटने की घटना को अंजाम दिया गया है । गिरफ्तार अभियुक्तों में शिवा पुत्र कन्नौजीलाल निवासी मेहरुपुर रावी थाना कमालगंज जनपद फर्रुखाबाद, जितेन्द्र पुत्र पिल्लु निवासी मेहरुपुर रावी थाना कमालगंज जनपद फर्रुखाबाद व मिथुन पुत्र राम नारायण निवासी मेहरुपुर रावी थाना कमालगंज जनपद फर्रुखाबाद शामिल हैं।















