नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद के जन्मदिन पर उमड़ा उत्साह, कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर दी शुभकामनाएँ

मुजफ्फरनगर। आज़ाद समाज पार्टी काशीराम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आज़ाद के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को मुजफ्फरनगर से लेकर नगीना तक भारी उत्साह देखने को मिला। पार्टी कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं में इस खास दिन को लेकर गजब की ऊर्जा और उमंग रही। जन्मदिन के मौके पर एडवोकेट काज़ी शिबली के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल उनके सहारनपुर स्थित निजी आवास, छुटमलपुर पहुँचा और शुभकामनाएँ देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की। इस दौरान क्षेत्र के कई सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

शुभकामनाएँ देने वालों में नोशेर राणा, शाहनवाज़ राणा, अब्दुल्ला क़ुरैशी, अमित मालिया, अकरम मलिक सहित कई प्रमुख साथी शामिल रहे। सभी ने चंद्रशेखर आज़ाद को भारतीय राजनीति का उभरता हुआ युवा चेहरा बताते हुए कहा कि उनका संघर्ष, विचारधारा और नेतृत्व आज देशभर के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन चुका है। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार और समानता के मुद्दों पर चंद्रशेखर आज़ाद ने जिस साहस और मजबूती से आवाज़ उठाई है, वह करोड़ों वंचितों और शोषित समाज की उम्मीदों को नई दिशा दे रही है।

एडवोकेट काज़ी शिबली ने इस मौके पर कहा कि चंद्रशेखर आज़ाद का जन्मदिन केवल खुशी मनाने का अवसर नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना को मजबूत करने और भाईचारे का संदेश देने का भी महत्वपूर्ण पल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आज़ाद का नेतृत्व आने वाले समय में भारतीय राजनीति में बड़े सकारात्मक बदलावों का मार्ग प्रशस्त करेगा। शिबली ने कहा कि आज के दौर में जिस तरह उन्होंने जाति-पाति से ऊपर उठकर इंसानियत, बराबरी और संविधानसम्मत अधिकारों की लड़ाई लड़ी है, वह समाज के हर वर्ग को नई सोच प्रदान करती है।

जन्मदिन के अवसर पर चंद्रशेखर आज़ाद ने भी सभी शुभचिंतकों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष गरीबों, कमजोर तबकों और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित है और यह संघर्ष आगे भी पूरी मजबूती से जारी रहेगा। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे एकजुट होकर शिक्षा, भाईचारे और संविधान की रक्षा के लिए आगे आएँ, क्योंकि समाज में सकारात्मक बदलाव युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है।

कार्यक्रम के दौरान पूरे दिन सौहार्द और शुभकामनाओं का माहौल बना रहा। समर्थकों ने फूलगुच्छे भेंट किए और उनके लंबी उम्र व स्वस्थ जीवन की कामना की। जन्मदिन का यह आयोजन किसी साधारण उत्सव से बढ़कर सामाजिक न्याय और जनाधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प बन गया। उपस्थित सभी लोगों ने एकजुटता, सहयोग और सामाजिक समानता की दिशा में साथ काम करने का संदेश दिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts