हीट वेव से बचाव को लेकर प्रशासन सख्त, अधिकारियों की जिम्मेदारी तय

मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत सभागार में संभावित हीट वेव और तेज गर्मी से होने वाली हानि से बचाव एवं जागरूकता के लिए प्रशासन ने बैठक आयोजित की। बैठक में अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गईं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेन्द्र कुमार ने निर्देश दिए कि सभी विभाग समय से रणनीति पर कार्य करें ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि सभी सरकारी और अर्धसरकारी कार्यालयों में प्राथमिक चिकित्सा किट रखी जाए, जिसमें ओआरएस के पैकेट पर्याप्त मात्रा में हों। स्कूल और कॉलेजों में भी इसका अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। लू से बचाव की जागरूकता के लिए सभी सरकारी और अर्धसरकारी कार्यालयों में फ्लैक्स लगाए जाएं।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि तेज गर्मी और लू जानलेवा हो सकती है। लोगों को अधिक से अधिक पानी का सेवन करना चाहिए। हल्के रंग के सूती वस्त्र पहनें जो पसीना सोखने में सहायक हों। धूप से बचाव के लिए चश्मा, छाता, टोपी और चप्पल का प्रयोग करें। खुले में कार्य करने वाले लोग सिर, चेहरा, हाथ और पैरों को गीले कपड़े से ढककर रखें और छाते का प्रयोग करें।

उन्होंने बताया कि लू से प्रभावित व्यक्ति को छाया में लिटाकर गीले कपड़े से पोंछें या नहलाएं और तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें। यात्रा के दौरान पानी अपने साथ रखें और ओआरएस, लस्सी, चावल का पानी, नींबू पानी, छाछ आदि का सेवन करें, जिससे शरीर में पानी की कमी न हो। हीट स्ट्रोक, हीट रैश और हीट क्रैम्प के लक्षण जैसे कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, उबकाई, पसीना आना और बेहोशी को पहचानकर तुरंत चिकित्सा सहायता लें।

बैठक में तहसीलदार खतौली श्रद्धा गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी राघवेन्द्र कुमार सिंह, नगर पंचायत बुढ़ाना व भोकरहेड़ी के अधिशासी अधिकारी आलोक रंजन, नगर पंचायत पुरकाजी व जानसठ के अधिशासी अधिकारी मनीष कुमार वर्मा, एआरएम रोडवेज राकेश कुमार, खंड विकास अधिकारी खतौली विशाखा, खंड विकास अधिकारी अकसीर खान, सहायक अभियंता सिंचाई अनस खान, जिला कृषि रक्षा अधिकारी दीपांकर सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

गैरहाजिर अधिकारियों से मांगा गया स्पष्टीकरण

महत्वपूर्ण विषय पर आयोजित बैठक में कई विभागों के अधिकारी अनुपस्थित रहे। इस पर अपर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए परिवहन विभाग, विद्युत विभाग और उद्यान विभाग सहित अन्य गैरहाजिर अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts