बांदा। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बबेरू पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल से एक से अधिक भारतीय पासपोर्ट बनवाकर शासन को गुमराह करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ, विदेश मंत्रालय भारत सरकार द्वारा बांदा पुलिस को एक संदर्भ प्राप्त हुआ था। इसमें आवेदक जिब्राइल पुत्र कल्लू खान निवासी ग्राम बगेहटा, थाना बबेरू निवासी द्वारा एक से अधिक पासपोर्ट जारी कराए जाने की शिकायत की गई थी और विधिक कार्रवाई का अनुरोध किया गया था।जांच में पाया गया कि अभियुक्त ने कूटरचित एवं भ्रामक दस्तावेजों का प्रयोग कर दो अलग-अलग भारतीय पासपोर्ट प्राप्त किए है। उसने पूर्व में जारी पासपोर्ट की जानकारी छिपाकर पुनः फ्रेश श्रेणी में आवेदन प्रस्तुत किया। यह कृत्य शासन, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय एवं संबंधित विभागों को गुमराह कर धोखाधड़ी की श्रेणी में पाया गया।थाना बबेरू में अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे।पुलिस ने बगेहटा चौराहे के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।एसपी पलाश बंसल ने इस सफलता पर बबेरू पुलिस टीम की सराहना की है और कहा कि फर्जीवाड़ा करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।























































