मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) द्वारा 9 जून से 11 जून 2025 तक हरिद्वार की लाल कोठी में तीन दिवसीय राष्ट्रीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों से लाखों किसान भाग लेंगे। शिविर का उद्देश्य किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए आगामी छह महीनों के लिए ठोस रणनीति तैयार करना है।कार्यक्रम के पहले दिन सभी आए हुए प्रतिनिधियों का स्वागत और परिचय सत्र आयोजित किया जाएगा। दूसरे दिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक राज्यवार समीक्षा करते हुए कार्यकारिणी बैठकों का आयोजन होगा, जिसमें राज्यों की कृषि समस्याओं और संगठन की कार्यप्रणाली पर चर्चा की जाएगी। रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक जनपदवार समस्याओं पर विमर्श होगा।राष्ट्रीय शिविर के तीसरे दिन यानी 11 जून को एक भव्य किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस दौरान देश और प्रदेश सरकारों से किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। महापंचायत के माध्यम से एक ज्ञापन स्थानीय प्रशासन को सौंपा जाएगा, जिसमें किसानों के लिए लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने, नकली खाद-बीज-दवाओं पर रोक, सस्ते ऋण, कृषि आयात पर प्रतिबंध जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर माँगें रखी जाएंगी।राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश सिंह चौहान, संरक्षक बाबा राजेंद्र सिंह मलिक, प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक, यूपी अध्यक्ष हरनाम सिंह वर्मा, उत्तराखंड अध्यक्ष साल्वेंद्र सिंह कलसी, एमपी अध्यक्ष जगदीश सिंह, राजस्थान अध्यक्ष विजय मीणा और महाराष्ट्र से विपिन देसाई समेत कई वरिष्ठ किसान नेता इस शिविर में भाग लेंगे। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी महापंचायत में किसानों को दी जाएगी और भविष्य की रणनीति का ऐलान भी किया जाएगा।















