मऊगंज के देवतालाब विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पन्नी पथरिहा पडिंतना टोला में सड़क निर्माण को लेकर जनता का गुस्सा फूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि विधायक गिरीश गौतम पिछले 18 वर्षों से केवल आश्वासन देते आ रहे हैं, लेकिन अब तक 3.50 मीटर सड़क निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो पाया। ग्रामीणों का कहना है कि हर चुनाव में भारी बहुमत से जीत दिलाने के बावजूद उनकी समस्याओं को लगातार अनदेखा किया गया है।
ग्राम पंचायत सरपंच और जनपद सीईओ राम कुशल मिश्रा द्वारा यह बताया गया कि यह सड़क निर्माण कार्य विधायक द्वारा 12 मार्च 2025 को स्वीकृत किया गया था और इसे आरएस विभाग को सौंपा गया है। लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि आखिर 18 वर्षों बाद ही यह कार्य क्यों स्वीकृत हुआ और पहले क्यों टालते रहे?
ग्रामीणों ने बताया कि चुनाव के समय विधायक खुद इस अधूरी सड़क से होकर वोट मांगने आए थे और तब उन्होंने वादा किया था कि चुनाव के तुरंत बाद यह सड़क बनाई जाएगी। अब ग्रामीणों को शक है कि इस देरी के पीछे भ्रष्टाचार और कमीशन का खेल है। जानकारी के अनुसार, एक मीटर पीसीसी सड़क के लिए पंचायत से 3300 रुपए और आरएस विभाग से 8800 रुपए की स्वीकृति होती है, जिससे फंड हेराफेरी की संभावना जताई जा रही है।
जनता का कहना है कि जब तक एजेंसी नहीं बदली जाएगी और निर्माण का जिम्मा ग्राम पंचायत को नहीं सौंपा जाएगा, तब तक सड़क निर्माण संभव नहीं है। अब देखना यह है कि यह सड़क बनेगी या फिर 18 साल से चला आ रहा इंतजार और लंबा होगा।















