मुजफ्फरनगर में खाटू श्याम जन्मोत्सव की भव्य निशान यात्रा ने पूरे शहर को भक्ति के रंग में रंगा

मुजफ्फरनगर शहर के भरतिया कॉलोनी स्थित गणपति खाटू श्याम मंदिर में भगवान खाटू श्याम जी का पंचम दिवसीय जन्मोत्सव बड़े श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। 29 अक्टूबर से शुरू हुआ यह भव्य उत्सव 2 नवम्बर 2025 तक चलेगा। जन्मोत्सव के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में शनिवार को निकाली गई निशान यात्रा ने पूरे नगर को भक्ति और आस्था के रंग में रंग दिया। सुबह 9 बजे हृदयस्थली शिव चौक से आरंभ हुई यह यात्रा भक्तों के जयघोष, भजनों की गूंज और पुष्पवर्षा के बीच श्रद्धा का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करती हुई न्यू मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर परिसर में संपन्न हुई।

निशान यात्रा की शुरुआत में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, मंदिर संस्थापक भीम सैन कंसल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने खाटू श्याम की आरती व पूजन कर यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद मंत्री, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों श्रद्धालु निशान लिए हुए भजन-संकीर्तन करते, झूमते हुए यात्रा में शामिल हो गए। पूरे मार्ग में “जय श्याम” और “श्याम तेरी बंसी ने मुझे बुला लिया” जैसे भजनों की धुनों पर भक्त भाव-विभोर नजर आए। शहर के प्रमुख मार्गों को फूलों, झंडियों और रंग-बिरंगी रोशनियों से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह बाबा श्याम की आरती उतारी और प्रसाद वितरण किया।

राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि श्याम प्रेम में डूबे भक्तों की श्रद्धा और उत्साह ने वातावरण को दिव्यता से भर दिया है। ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो स्वयं बाबा श्याम इस यात्रा में उपस्थित होकर अपने भक्तों को आशीर्वाद दे रहे हों। उन्होंने सभी से प्रेम, सद्भाव और सेवा की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने और भक्ति की भावना को सशक्त करने का माध्यम हैं। उन्होंने मुजफ्फरनगर की जनता को खाटू श्याम जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

यात्रा के दौरान सड़कों पर पुष्पवर्षा की गई, कई स्थानों पर भक्ति संगीत के कार्यक्रम हुए और भक्तों ने नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। पूरे नगर में भक्ति, उल्लास और एकता का अद्भुत संगम दिखाई दिया। इस अवसर पर भाजपा नेता गौरव स्वरूप, पूर्व विधायक अशोक कंसल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में अब 2 नवम्बर को भण्डारे का आयोजन करते हुए इस पंच दिवसीय महोत्सव का समापन किया जाएगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts