खगोल विज्ञान में चंद्र ग्रहण एक विशेष घटना मानी जाती है. ये पृथ्वी के सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाने पर होती है, क्योंकि इस वजह से सूर्य का प्रकाश सीधे चंद्रमा तक नहीं पहुंचता और पृथ्वी की छाया चंद्रमा को ढक लेती है. चंद्र ग्रहण को धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से भी बड़ा महत्वपूर्ण समय माना जाता है. ग्रहण का समय अशुभ माना जाता है. हमेशा पूर्णिमा तिथि के दिन ही चंद्र ग्रहण लगता है.इस साल भी अगले यानी मार्च के महीने में साल का पहला चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है. ये चंद्र ग्रहण सिंह राशि और पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में लगने जा रहा है. ये साल का सबसे लंबा चंद्र ग्रहण होगा, जोकि 03 घंटे 27 मिनट तक लगेगा, लेकिन लोग इस बात को लेकर कंफ्यूजन में हैं कि होली पर या होलिका दहन के दिन आखिर कब पहला चंद्र ग्रहण लगेगा? क्योंकि फाल्गुन माह की पूर्णिमा इस साल दो दिन है और होली का पावन पर्व दो दिन मनाया जाता है. ऐसे में आइए जानते हैं कि चंद्र ग्रहण किस दिन लगेगा?
फाल्गुन पूर्णिमा 2026 कब है?
पंचांग के अनुसार, इस साल फाल्गुन पूर्णिमा तिथि 02 मार्च को शाम 05 बजकर 55 मिनट पर शुरू होगी. वहीं इस तिथि का समापन 03 मार्च की शाम 05 बजकर 07 मिनट पर होगा. ऐसे में इस साल फाल्गुन पूर्णिमा 03 मार्च को रहेगी.
होलिका दहन के दिन होगा चंद्र ग्रहण
इस साल तीन मार्च को ही चंद्र ग्रहण भी लगेगा. हालांकि, ग्रहण के कारण होलिका दहन की तारीख में कोई बदलाव नहीं होगा. 03 मार्च तो ग्रहण दोपहर 03 बजकर 20 मिनट से शाम 06 बजकर 47 मिनट तक रहेगा, लेकिन ग्रहण और भद्रा काल को ध्यान में रखते हुए 03 मार्च को शाम 06 बजकर 48 मिनट से रात 08 बजकर 50 मिनट तक का समय होलिका दहन के लिए सही रहेगा.
04 मार्च को होगी रंगों वाली होली
इस साल रंग वाली होली यानी धुलेंडी 4 मार्च 2026 को खेली जाने वाली है, क्योंकि पंचांग के अनुसार, रंगों वाली होली चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि के दिन खेली जाती है.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. भास्कर न्यूज़ उत्तर प्रदेश उत्तराखंड इसकी पुष्टि नहीं करता है.















